UP Board Exam2026: 18 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं प्रशासन ने कसी कमर, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 6 जोनल मजिस्ट्रेट रखेंगे नजर

आगरा। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगी।परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक और सख्त इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश पर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक निगरानी और अनुश्रवण की ठोस व्यवस्था लागू की गई है।

जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि जिले में कुल 154 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी परीक्षा केंद्रों को 6 जोन और 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है ताकि परीक्षा संचालन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 18 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की संभावना को पूरी तरह रोका जा सके। 45 संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रहेगी।

उन्होंने बताया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेक्टर में स्थित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा तिथियों में सुबह 8 बजकर 30 मिनट से 11 बजकर 45 मिनट तक और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक लगातार निगरानी रखें। परीक्षा केंद्रों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी और अनुचित साधनों के प्रयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा तिथियों में नियमित रूप से केंद्रों का भ्रमण, निरीक्षण और चेकिंग करेंगे तथा उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।


परीक्षाओं में नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग की स्थिति सामने आने पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 1998 के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर के सभी परीक्षा केंद्रों में नकल की रोकथाम के लिए पूरी तरह उत्तरदायी होंगे। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

परीक्षा व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक आगरा के कार्यालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा अवधि में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 9997156949 जारी किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति, सूचना या शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र परिसर के भीतर परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, पेजर, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विशेष रूप से गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय की परीक्षाओं पर प्रभावी अनुश्रवण के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि इन विषयों में नकल की संभावना अधिक रहती है।

सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निरीक्षण के दौरान प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित होने की जांच अवश्य करें। यदि प्रश्नपत्रों के पूर्व प्रकटन की कोई भी स्थिति सामने आती है, तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे अपने आवंटित परीक्षा केंद्र पर नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। स्ट्रॉन्ग रूम की चाबी परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में सुरक्षित रखी जाएगी। जिस स्ट्रॉन्ग रूम में डबल लॉक अलमारी रखी गई है, उसे खोलने और लॉक या सील करने की प्रक्रिया केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की संयुक्त उपस्थिति में ही की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया का विवरण लॉग बुक या रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा।

यदि किसी कारणवश बाह्य केंद्र व्यवस्थापक अनुपस्थित रहता है, तो आपात स्थिति में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास सुरक्षित रखी चाबी का उपयोग किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में पूरी जानकारी और विवरण तत्काल नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र पर बने स्ट्रॉन्ग रूम में प्रश्नपत्र जिला मुख्यालय द्वारा केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ही उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रश्नपत्र प्राप्त करने के बाद तीनों की मौजूदगी में उन्हें डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखकर सील किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जोन और सेक्टर के परीक्षा केंद्रों पर निरंतर भ्रमणशील रहें, नियमित निरीक्षण करें और अनुचित साधनों के प्रयोग की किसी भी संभावना को समय रहते रोकें। जिला प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकलविहीन और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराई जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को पारदर्शी और सुरक्षित माहौल मिल सके।

__________________________________________________________________________

ये खबर भी पढ़ें

 6 उत्तरपुस्तिका संकलन केंद्र बने, 7 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक बदले

आगरा।  बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए 154 परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है, जबकि परीक्षा से छह दिन पहले सात परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक बदले गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन और वितरण के लिए जिले की सभी तहसीलों में छह संकलन केंद्र भी निर्धारित किए गए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि जिले के सभी 154 परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और केंद्र व्यवस्थापक पर कार्यभार अधिक होने के कारण कोई चूक न रह जाए। परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और मुख्य केंद्र व्यवस्थापक की संयुक्त मौजूदगी में ही खोले जाएंगे। इसी तरह उत्तरपुस्तिकाओं का संकलन भी इन्हीं अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा और उन्हें केंद्र पर सुरक्षित रूप से जमा कराया जाएगा।

डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड परीक्षा से पहले सात परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को बदला गया है। इन बदलावों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाना और किसी भी प्रकार के संभावित विवाद या शिकायत की संभावना को समाप्त करना है। जिन परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक बदले गए हैं, उनमें एमडी जैन इंटर कॉलेज में डॉ. संजय गर्ग को केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किया गया है। दानकुंवर इंटर कॉलेज आंवलखेड़ा में रोबिन सिंह, तांतपुर इंटर कॉलेज तांतपुर में राजशेखर शुक्ल, रत्नमुनि जैन कन्या इंटर कॉलेज में रागिनी शर्मा, गोपीचंद शिवहरे सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज में गुरुप्यारी, राजकीय हाईस्कूल बटेश्वर बाह में श्यामा भदौरिया और राजकीय हाईस्कूल अभैदापुरा में अरविंद शंखवार को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।

उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन और उनके सुरक्षित रखरखाव के लिए जिले में कुल छह संकलन केंद्र बनाए गए हैं। ये संकलन केंद्र जिले की सभी तहसीलों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किए गए हैं, ताकि उत्तरपुस्तिकाओं को समय पर और सुरक्षित रूप से एकत्र किया जा सके। डीआईओएस ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन के लिए राजकीय इंटर कॉलेज शाहगंज, मोतीलाल इंटर कॉलेज सैंया, जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद, जनता इंटर कॉलेज एत्मादपुर, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज किरावली और अभिनव विद्यालय बिजौली बाह को संकलन केंद्र बनाया गया है। परीक्षा समाप्ति के बाद संबंधित परीक्षा केंद्रों से उत्तरपुस्तिकाएं इन निर्धारित केंद्रों पर जमा कराई जाएंगी।

डीआईओएस के अनुसार, अभी तक जिले के 127 परीक्षा केंद्रों को प्रश्न पत्र और उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण किया जा चुका है, जबकि 27 परीक्षा केंद्रों में यह प्रक्रिया शेष है। शेष केंद्रों पर भी समय रहते आवश्यक सामग्री पहुंचा दी जाएगी, ताकि परीक्षा शुरू होने से पहले किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे। उन्होंने कहा कि वितरण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी औपचारिकताएं तय समय सीमा में पूरी कर ली जाएं।

प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर भी जिला विद्यालय निरीक्षक ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस ने बताया कि जिन कॉलेजों में अभी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं शेष रह गई हैं, वे 13 फरवरी तक अनिवार्य रूप से इन्हें पूर्ण कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रधानाचार्यों को दिया गया अंतिम अवसर है। सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्ण कराने के बाद 13 फरवरी तक परिषद की वेबसाइट पर शत प्रतिशत अंक अपलोड करना सुनिश्चित करें।

--------------------------------------------------------------------------------------------------------------

ये खबर भी पढ़ें 

बोर्ड परीक्षा की सख्त निगरानी के लिए जिला स्तर पर भी 5 सचल दल गठित

आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा में मंडल के अलावा जिला स्तर पर भी पांच सचल जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में गठित किए गए हैं। इससे पहले मंडल स्तर भी संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल के नेतृत्व में पांच सचल दलों का गठन पहले ही किया जा चुका है। अब बोर्ड परीक्षा में मंडल और जिला स्तर पर कुल 10 सचल दल निगरानी रखेंगे।

संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा लिए मंडल स्तर और जिला स्तर पर पांच-पांच सचल दलों का गठन किया गया है। मंडल स्तर पर गठित पांच सचल दल संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल के नेतृत्व में कार्य करेंगे, जबकि जिला स्तर पर पांच सचल दल जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर के नेतृत्व में गठित किए गए हैं। ये सभी दल परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन सुनिश्चित करेंगे।

जेडी ने बताया कि जिला स्तर पर पहला सचल दल जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर के नेतृत्व में गठित किया गया है। इस दल में राजकीय हाईस्कूल हाजीपुर खेड़ा के सहायक अध्यापक राजीव शर्मा, राजकीय हाईस्कूल बल्हैरा की सहायक शिक्षिका निधि जैन, राजकीय हाईस्कूल दिगनेर की सहायक शिक्षिका कुसुमलता तथा पंडित दीनदयाल राजकीय हाईस्कूल मनकेड़ा की अफसाना बी. को शामिल किया गया है।

दूसरा सचल दल जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय विश्व प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्य करेगा। इस दल में राजकीय हाईस्कूल दिगनेर के मुस्तफा खान, राजकीय हाईस्कूल रायभा की अभिलाषा धाकड़ तथा राजकीय हाईस्कूल बल्हैरा की सुनीता अग्रवाल को सदस्य बनाया गया है।

तीसरा सचल दल राजकीय इंटर कॉलेज आगरा के प्रधानाचार्य मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित किया गया है। इसमें राजकीय हाईस्कून जऊपुरा के दिलीप शाह, पंडित दीनदयाल राजकीय कॉलेज विझामई की राजलक्ष्मी और पंडित दीनदयाल राजकीय इंटर कॉलेज सैमरा की प्रवक्ता मोनिका दीक्षित को शामिल किया गया है।

चौथे सचल दल पंडित दीनदयाल राजकीय इंटर कॉलेज मनकेंडा के प्रधानाचार्य सुजीत कुमार के नेतृत्व में कार्य करेगा। इस दल में पंडित दीनदयाल कॉलेज मिढ़ाकुर के विनय कुमार, राजकीय हाईस्कूल बल्हैरा की रचना खंडेलवाल, पंडित दीनदयाल कॉलेज मनकेड़ा की अर्चना यादव को सदस्य बनाया गया है।

पांचवा सचल दल जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड के नेतृत्व में गठित किया गया है। इस दल मे उच्च प्राथमिक स्कूल नगला तुहीराम बिचपुरी के सहायक शिक्षक दिनेश पाराशर, खंदौली ब्लॉक की व्यायाम शिक्षिका कविता झिंगरन, उच्च प्राथमिक स्कूल गोपउ अछनेरा की सहायक शिक्षिका आराधना सिंह और उच्च प्राथमिक स्कूल नैनाना जाट के सहायक शिक्षक विवेक शर्मा को सदस्य नामित किया गया है।

जेडी ने बताया कि नामित सभी सचल दल प्रभारी एवं सदस्य परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक परीक्षा दिवस पर प्रातः 6 बजे अनिवार्य रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इसके बाद दलों को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के लिए रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नकल या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सचल दल पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

मंडल स्तर पर गठित मंडल सचल दल निम्न अधिकारियों के नेतृत्व में बनाए गए हैं

संयुक्त शिक्षा निदेशक मुकेश अग्रवाल

मंडलीय वित्त एवं लेखाधिकारी राजेश कुमार

मंडलीय उप शिक्षा निदेशक मनोज गिरि

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अनिरुद्ध यादव

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर

#AgraNews #UPBoardExam2026 #BoardExamPreparation #EducationNews #ExamUpdate #UPNews #StudentNews



Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form