आगरा। जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार देखने को मिला। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब आगरा की ओर से एमडी जैन इंटर कॉलेज हरीपर्वत आगरा में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी आयोजित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य जीएल जैन और जिला समन्वयक डॉ. निखिल जैन के संयोजन में कराया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि विद्यालय के महामंत्री डॉ. जितेंद्र कुमार जैन, अर्थमंत्री पुष्पेंद्र जैन, दीनदयाल मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सारस्वत, मंडल उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दिवाकर और विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भगवान महावीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।
जिला समन्वयक डॉ. निखिल जैन ने बताया कि जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में आगरा जनपद के 40 विद्यालयों से आए 210 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक से जुड़े विविध विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए, जिनका मूल्यांकन निर्णायक मंडल और उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना रहा।
प्रदर्शनी में स्मार्ट सिटी, वूमेन सेफ्टी डिवाइस, चंद्रयान-3, मिसाइल लॉन्चिंग सिस्टम, होलोग्राम 3डी, ऑटोमेटिक ब्रिज, रोड सेफ्टी मॉडल, प्राथमिक स्वास्थ्य जागरूकता मॉडल, गणितीय मॉडल, पर्यावरण अनुकूल सामग्री, रेनवाटर स्मार्ट रोबोट और स्मार्ट इरिगेशन सिस्टम जैसे विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों के माध्यम से समाज की समस्याओं के समाधान और भविष्य की तकनीकी संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. रामनाथ गौतम संरक्षक जिला विज्ञान क्लब और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जीआईसी, डॉ. राजेश पाराशर वेटरनरी डॉक्टर, डॉ. हरेंद्र नाथ शर्मा असिस्टेंट प्रोफेसर जूलॉजी विभाग आगरा कॉलेज और दिव्या पांडे आगरा पब्लिक फार्मेसी कॉलेज आगरा ने निभाई। निर्णायक मंडल ने मॉडलों की वैज्ञानिक उपयोगिता, प्रस्तुति, नवीनता और सामाजिक महत्व के आधार पर मूल्यांकन किया।
प्रदर्शनी में कोहिनूर एमडी जैन इंटर कॉलेज हरीपर्वत आगरा के विज्ञान मॉडल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की आकृति राठौर को द्वितीय स्थान और सेंट विंसेंट गर्ल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय की लहर सिंह को तृतीय स्थान मिला। वहीं एमडी जैन इंटर कॉलेज हरीपर्वत के प्रिंस सोनी और प्रिंस यादव को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
डॉ. निखिल जैन ने बताया कि जनपद से चयनित 15 विज्ञान मॉडल मंडल स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में प्रतिभाग करेंगे। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 5000, 3000 और 2000 रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। इसके अलावा दो विद्यार्थियों को 1000 रुपये की सांत्वना पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही 10 अतिरिक्त मॉडल भी मंडल स्तरीय प्रदर्शनी के लिए चयनित किए गए हैं।
मंडल स्तर के लिए चयनित अतिरिक्त विद्यार्थियों में दीपिका माहौर सेंट विंसेंट गर्ल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय, गरिमा राजपूत और रंजन राजकीय हाईस्कूल बलहेरा, आशीष राजकीय हाईस्कूल गंगरौआ, विशाल एमडी जैन इंटर कॉलेज हरीपर्वत आगरा, रीया शर्मा वीरांगना अवंतीबाई राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कलाल खेरिया, सुमिरन तनेजा सेंट एंड्रयूज पब्लिक स्कूल, हिमांशु गोला और नमन वर्मा एमडी जैन इंटर कॉलेज हरीपर्वत आगरा शामिल हैं।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय से जुड़ी अन्य गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का है और विज्ञान वह माध्यम है जो देश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। विज्ञान के माध्यम से युवा पीढ़ी नवाचार कर देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे सकती है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रीनेश मित्तल और डॉ. प्रिया मिश्रा ने किया। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को तकनीक का सही उपयोग करते हुए शिक्षकों के मार्गदर्शन में भविष्य में और बेहतर विज्ञान मॉडल तैयार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सुनीता दिवाकर, सबा, अनु वर्मा, रेनू जोशी, भावना शर्मा, अर्चना यादव, रीमा, शैलेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#AgraNews
#ScienceExhibition
#StudentInnovation
#SchoolEducation
#UPNews
#ScienceModel
#YouthInnovation
#EducationNews


.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)