जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद करते हुए स्पष्ट कहा कि यदि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह होंगे। छात्राओं की तलाशी के लिए महिला पुलिस कर्मी एवं शिक्षिकाओं की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने सभी जोनल, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित नियम-शर्तों के अनुरूप ही संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर की गई गलती अक्षम्य होगी। यदि कोई गड़बड़ी संज्ञान में आती है तो संबंधित के विरुद्ध व्यक्तिगत जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई बुकलेट में परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, अतः सभी अधिकारी उसे अवश्य पढ़ लें।
ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी समय से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। यदि सभी अपने कर्तव्यों का सही निर्वहन करेंगे तो बोर्ड परीक्षा में किसी प्रकार की सेंधमारी संभव नहीं होगी। यदि किसी ने सेंधमारी का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्ट्रांग रूम की फुलप्रूफ सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में पुलिस विभाग से समन्वय कर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सहित अन्य संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। नकल माफिया, फर्जी अभ्यर्थी और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने को कहा गया। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और कार्य की संवेदनशीलता को समझते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही को अक्षम्य बताया गया।
अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने जानकारी दी कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उ०प्र० प्रयागराज द्वारा संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 को समाप्त होगी। नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने हेतु आगरा जनपद के 154 परीक्षा केंद्रों को 6 जोन एवं 15 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 18 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं।
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेक्टर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा तिथि में प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक एवं अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। वे असामाजिक तत्वों पर निगाह रखते हुए अनुचित साधनों के प्रयोग की रोकथाम करेंगे तथा निरंतर भ्रमण, निरीक्षण एवं चेकिंग करते रहेंगे। किसी भी कठिनाई का त्वरित निराकरण किया जाएगा और उ०प्र० सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 1998 के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा अवधि में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों पर अवांछित भीड़ एकत्रित न होने देने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों की होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि परीक्षा व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो परीक्षा अवधि में प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 9997156949 है।
ब्रीफिंग में यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा केंद्र परिसर के अंदर परीक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री, पेजर, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट निरीक्षण के दौरान प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित करेंगे। यदि प्रश्नपत्रों के पूर्व प्रकटन की स्थिति सामने आती है तो दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी को अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी बनाया गया है।
ब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
#UPBoardExam2026 #AgraEducation #DMBriefing #ExamSecurity #CopyFreeExam #BoardExamAgra #StudentSafety #EducationNews #ExamPreparation #AgraNews