Ahmedabad plane crash: 265 people died due to the crash of Dreamliner 787-8, former CM Vijay Rupani also passed away ATS, NSG and DGCA teams are busy investigating the accident, DVR found from the plane wreckage, big questions raised on the accident

Ahmedabad plane crash:
 अहमदाबाद विमान हादसा: ड्रीमलाइनर 787-8 के गिरने से 265 की मौत, पूर्व CM विजय रूपाणी भी नहीं रहे

हादसे की जांच में ATS, NSG और DGCA की टीम जुटी, प्लेन के मलबे से DVR मिला, हादसे पर उठे बड़े सवाल


विमान हादसे के घटनास्थल का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया दौरा

अहमदाबाद:  गुरुवार दोपहर को अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। एअर इंडिया की बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171, जो लंदन के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के महज दो मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर आ गिरा, जिससे 265 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर शामिल हैं, जबकि 5 शव हॉस्टल में मौजूद लोगों के हैं।


पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु

मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का नाम सामने आते ही प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर में रूपाणी परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “विजयभाई के बिना गुजरात अधूरा है। वे संगठन के प्रति समर्पित और विनम्र नेता थे।”


ATS को मिला प्लेन का डिजिटल रिकॉर्डर

गुजरात ATS को हादसे की जगह से फ्लाइट का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) मिला है। इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। DGCA और AAIB की टीमें जांच में जुट गई हैं। विमान का ब्लैक बॉक्स और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर भी जांच का अहम हिस्सा होंगे।


सहायता केंद्र स्थापित, हेल्पलाइन नंबर जारी

एअर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर हेल्प सेंटर खोले हैं। भारत से संपर्क के लिए 1800-5691-444 और विदेश से 8062-779-200 पर कॉल किया जा सकता है।


TMC का आरोप: मोदी राज में ट्रेन-प्लेन सुरक्षित नहीं

TMC नेता कुणाल घोष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के शासन में रेल और एयर ट्रैफिक दोनों असुरक्षित हो चुके हैं। फ्लाइट की जांच गहराई से होनी चाहिए।


विमान के मलबे से मिले नए अवशेष, सर्च ऑपरेशन जारी

आज सुबह मलबे से कुछ और मानव अवशेष मिले हैं। इन्हें डीएनए जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम हॉल के बाहर अपनों के शव की प्रतीक्षा में लोग विलाप कर रहे हैं।



विमान हादसे के बाद घटनास्थल पर बिखरे पड़े मलबे को देखते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


हॉस्टल में मची तबाही, 5 की मौत की पुष्टि

बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में हादसे के वक्त 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। अब तक 4 एमबीबीएस छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अभी ये स्पष्ट नहीं है कि और कितने लोग मलबे में दबे हैं। एनएसजी और स्निफर डॉग्स की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।




पीएम मोदी ने किया घटनास्थल और अस्पताल का दौरा

प्रधानमंत्री शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने पहले हादसे की जगह का निरीक्षण किया, फिर सिविल अस्पताल जाकर घायल और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। अस्पताल में 70-80 डॉक्टरों की टीम पोस्टमॉर्टम और DNA जांच में जुटी है। अब तक पांच शवों की पहचान हो चुकी है, जिन्हें परिजनों को सौंपा गया है।


                                                                                                                                                            

 हादसे के बाद उठे अहम सवाल

क्या सभी बोइंग 787-8 विमानों को ग्राउंड किया जाएगा?
अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन 2-3 महीने तक ग्राउंडिंग की संभावना है। जांच में दोष साबित होने पर ये अवधि और बढ़ सकती है।

जांच प्रक्रिया कैसी होगी?

  1. ब्लैक बॉक्स एनालिसिस
  2. इंजन, बैटरी और बॉडी की फुल जांच
  3. FAA और DGCA द्वारा सेफ्टी ऑडिट
  4. हर विमान की टेस्ट फ्लाइट
  5. पायलट ट्रेनिंग रिव्यू

विवादों में रहा है बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर

इस विमान की सुरक्षा और निर्माण पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं:

  • बैटरी फेल्योर (2013): लिथियम आयन बैटरी में आग लगने की घटनाओं के बाद 3 महीने तक दुनिया भर में 787 की उड़ानें रोकी गई थीं।
  • बॉडी में गैप (2020-2022): ड्रीमलाइनर के जोड़ में खामी की शिकायतें मिलीं, FAA ने निगरानी बढ़ाई थी।
  • व्हिसलब्लोअर का खुलासा (2024): बोइंग इंजीनियर सैम सालेह ने कहा था कि बॉडी के हिस्से गलत तरीके से जोड़े गए हैं, जिससे उड़ान में टूटने का खतरा है।
  • इंजन और सिस्टम फेल्योर: रोल्स-रॉयस ट्रेंट 1000 और GE के इंजन, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, फ्यूल लीकेज जैसी खामियों की शिकायतें लंबे समय से रही हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर में रूपाणी परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई 


 

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form