फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पारौली सिकरवार में मंगलवार सुबह विद्युत डीपी में फॉल्ट होने से खेंच के सहारे जमीन में 11 हजार वोल्ट का करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोरी झुलस गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पारौली सिकरवार निवासी किसान पीतम सिंह पुत्र डालचंद ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे विद्युत डीपी में अचानक फॉल्ट हो गया। डीपी से जुड़े पोल पर लगी खेंच के सहारे करंट जमीन में उतर आया। उसी दौरान पास में बंधी भैंस करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भतीजी विमलेश करंट की चपेट में आने से झुलस गई।
![]() |
| करंट से भैंस की मौत |
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विद्युत सप्लाई बंद कराई गई। घायल किशोरी को परिजन अस्पताल ले गए। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी रामलाल वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और एसडीएम व बिजली विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
मुआवजे को लेकर एसडीओ को पत्र देते किसान
मौके पर फतेहाबाद पुलिस और विद्युत विभाग के एसडीओ गौरव राजपूत पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। एसडीओ गौरव राजपूत ने बताया कि विद्युत डीपी पर फॉल्ट होने के कारण खेंच के सहारे करंट जमीन में उतर गया।
हादसे में एक भैंस की मौत हुई और एक किशोरी झुलसी है। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है, साथ ही किशोरी के इलाज में जो भी खर्चा होगा, उसका विभाग भुगतान करेगा।
इस घटना ने स्थानीय लोगों में डर और चिंता पैदा कर दी है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए डीपी और पोल की नियमित जांच एवं मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि जान-माल का नुकसान न हो।
#FatehabadNews #ElectricAccident #HighVoltageShock #DPFault #BuffaloElectrocuted #TeenInjured #ElectricityAccidentIndia


