आगरा। एस.एन. मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग ने सरदार पटेल पार्क स्कूल में बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर, पोषण, महिला स्वास्थ्य और जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर का आयोजन कुलीन चिकित्सकों और विशेषज्ञों की देखरेख में किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य केवल उपचार करना नहीं, बल्कि समाज के हर स्तर तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाना भी है।
उन्होंने बताया कि बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और एनीमिया की रोकथाम हमारे 'स्वस्थ भारत' अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर किशोरियों को एक सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य देने की दिशा में बड़ा कदम है।
शिविर में स्त्री रोग विभाग की चिकित्सक डॉ. रुचिका गर्ग ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर की गंभीरता और समय पर 'सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन' लगवाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे इस जानलेवा बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
सभी छात्राओं का हीमोग्लोबिन जांच किया गया और आवश्यकतानुसार आयरन की टैबलेट्स वितरित की गईं। डॉ. गर्ग ने पोषण का महत्व समझाते हुए पालक, हरी सब्जियाँ, दालें और अन्य आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को नियमित आहार में शामिल करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के संचालन में पायल गोयल ने विशेष योगदान दिया। शिविर में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को बेहद उपयोगी और शिक्षाप्रद बताया।
यह शिविर एस.एन. मेडिकल कॉलेज की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके माध्यम से किशोरियों को स्वस्थ, जागरूक और सशक्त नागरिक के रूप में विकसित करने का प्रयास निरंतर जारी है।
#SNMedicalCollege #AgraNews #HealthAwareness #CervicalCancer #AdolescentHealth #NutritionAwareness #PCOD #WomenHealth #SchoolHealthProgram #Gynecology

